एलडीएः मोहान रोड योजना के चार सेक्टरों का एक साथ खुलेगा पंजीकरण।

एलडीएः मोहान रोड योजना के चार सेक्टरों का एक साथ खुलेगा पंजीकरण।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मोहान रोड योजना का निरीक्षण कर विकास कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश।
सेक्टर-3, 6 एवं 7 में कुल 1617 भूखण्ड किये जाएंगे नियोजित, लोगों को घूमने टहलने के लिए मिलेंगे 18 बड़े-बड़े पार्क।
लखनऊ विकास प्राधिकरण अपनी मोहान रोड योजना के सेक्टर-3, 4, 6 एवं 7 के भूखण्डों का पंजीकरण एक साथ खोलेगा। इसके लिए प्रथम चरण में इन चार सेक्टरों का रेरा में पंजीकरण कराया जाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को योजना का निरीक्षण करके इस बाबत दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्थल पर मशीन व श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए।
वर्तमान में ग्राम-कलियाखेड़ा की अर्जित भूमि पर सेक्टर-6 का विकास कार्य किया जा रहा है। जिसमें सड़क की मार्किंग, सरफेस ड्रेसिंग व लेवलिंग का कार्य करते हुए ले-आउट को धरातल पर उतार दिया गया है। जिसके बाद लगभग 25 करोड़ रूपये की लागत से सड़क निर्माण, नाली व सीवर का कार्य कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि पेड़ आदि परिसम्पत्तियों का मुआवजा वितरित करते हुए सेक्टर-3, 4 एवं 7 में भी विकास कार्य शुरू करवाया जाए। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सेक्टर-3, 6 एवं 7 में 112.50 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के कुल 1617 भूखण्ड विकसित किये जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-4 में लगभग 56 एकड़ क्षेत्रफल में ग्रुप हाउसिंग के 22 भूखण्ड नियोजित किये जाएंगे। उक्त सेक्टरों में लोगों की सुविधा के लिए 18 बड़े-बड़े पार्क भी विकसित किये जाएंगे।
कलियाखेड़ा में भी बनेगा साइट ऑफिस।
स्थल पर 25 ट्रैक्टर, 05 जे0सी0बी0, 03 टोटल स्टेशन मशीन, 01 ग्रेडर मशीन व 05 रोलर से कार्य किया जा रहा था। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि मशीन व श्रमिकों की संख्या में वृद्धि करते हुए विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए। निरीक्षण में पाया गया कि योजना का साइट ऑफिस ग्राम-प्यारेपुर में बना है, जहां से सेक्टर-6 की दूरी काफी अधिक है। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि ग्राम-प्यारेपुर की तरह कलियाखेड़ा में भी साइट ऑफिस बनवाया जाए, जिससे कि कार्यों का सम्पादन व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
UDAY RAJ
SENIOR JOURNALIST



