लखनऊ नगर निगम जोन-7 पर व्यापारियों का घेराव, अवैध अतिक्रमण को लेकर फूटा आक्रोश

लखनऊ नगर निगम जोन-7 पर व्यापारियों का घेराव, अवैध अतिक्रमण को लेकर फूटा आक्रोश
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को नगर निगम जोन-7 के बाहर उस समय भारी हंगामा देखने को मिला जब इंदिरा नगर और मुंशी पुलिया क्षेत्र के संभ्रांत व्यापारी एकजुट होकर नगर निगम कार्यालय पहुँच गए। व्यापारियों ने जोन-7 कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार नारेबाजी की और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।
अतिक्रमण को संरक्षण देने का आरोप
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि नगर निगम जोन-7 के कुछ अधिकारी और कर्मचारी मिलीभगत कर मुंशी पुलिया क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण करवा रहे हैं।
व्यापारियों ने बताया कि मुंशी पुलिया डिवाइडर रोड, सुख कॉम्प्लेक्स, प्राइम प्लाज़ा और मेट्रो स्टेशन के सामने अवैध दुकाने और ठेले खड़े करा दिए गए हैं।
इससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है, बल्कि वैध दुकानदारों के व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
अतिक्रमणकारियों की मनमानी इतनी बढ़ गई है कि वे स्थानीय व्यापारियों से धक्का-मुक्की और मारपीट तक करने लगे हैं।
टैक्स देने वाले व्यापारी हुए परेशान
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे सभी व्यापारी नियमित रूप से टैक्स अदा करते हैं और नगर निगम के नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक कारोबार करना चाहते हैं। इसके बावजूद नगर निगम की शह पर अवैध कब्जेदारों को संरक्षण दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि यह पूरा खेल अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से हो रहा है।
लिखित शिकायत और धरना
आक्रोशित व्यापारियों ने आज नगर निगम जोन-7 में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि कई बार इस संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यही कारण है कि व्यापारियों को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ा और जोन-7 कार्यालय का घेराव करना पड़ा।
एसोसिएशन की कड़ी चेतावनी
आदर्श व्यापारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी ने स्पष्ट कहा कि –
“अगर रविवार तक अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आदर्श व्यापारी एसोसिएशन नगर निगम मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा और बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।”
प्रदर्शन में शामिल रहे प्रमुख व्यापारी
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से –
प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी
इंदिरा नगर अध्यक्ष आकाश अग्रवाल
इंदिरा नगर महा समिति अध्यक्ष देवी शरण त्रिपाठी
एडवोकेट प्रीतम गुप्ता
सुगमऊ अध्यक्ष यशपाल सिंह थापा
मुंशी पुलिया अध्यक्ष अविनाश जायसवाल
हर्ष बंसल, राजेश शरीन, मंजीत सिंह, वी.वी. सिंह, प्रमोद कुमार, रवि गुप्ता, अवनीश पांडेय, अवधेश, आशुतोष अवधवाल और शरीन कुमार शामिल रहे।
आगे की रणनीति
व्यापारियों का कहना है कि यह आंदोलन अभी पहला चरण है। यदि नगर निगम प्रशासन ने समय रहते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में पूरे लखनऊ में व्यापारी समुदाय व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगा।
UDAY RAJ
SENIOR JOURNALIST



