प्रधान संगठन ने उठायी ज़्यादा धन और अधिक अधिकारों की माँग,मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा।

प्रधान संगठन ने उठायी ज़्यादा धन और अधिक अधिकारों की माँग,मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा
लखनऊ।अधूरी माँगों को लेकर प्रधान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य सचिव से मुलाक़ात की।विकास के लिए अधिक धनराशि तथा प्रधानों को अधिक अधिकारों की माँग से सम्बन्धित ज्ञापन सौंपा।संगठन की ओर से बताया गया है कि मुख्य सचिव ने प्रधान संगठन के पदाधिकारियों तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक बुलाकर समाधान कराये जाने का आश्वासन दिया है।
राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ.अखिलेश सिंह ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव डॉ.राजेश सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह से मुलाक़ात की। प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा, उपाध्यक्ष श्वेता सिंह तथा ज़िला उपाध्यक्ष ओंकार चौरसिया ने एम.जी.नरेगा के भुगतान का अधिकार ग्राम पंचायतों को प्रदान किए जाने की माँग उठायी। उन्होंने ज़िला योजना समिति में ग्राम प्रधानों को सदस्य नामित किये जाने, पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बैठकों का आयोजन करने, प्रदेश स्तर पर नीति निर्धारण प्रकोष्ठ का गठन, छोटी पंचायतों को अतिरिक्त धनराशि तथा राज्य स्तर पर पंचायत सदन का निर्माण कराये जाने की माँग भी की गयी।
*मुख्य सचिव ने दी सैद्धांतिक सहमति*
राष्ट्रीय संयोजक डॉ.अखिलेश सिंह ने बताया कि मुख्य सचिव ने सैद्धांतिक सहमति दी है,तथा विभागों के साथ संयुक्त बैठक बुलाकर समाधान का आश्वासन दिया है। इससे पहले 13 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संगठन की वार्ता में भी यह विषय रखे गये थे। मुख्यमन्त्री के कहने पर शासन को माँग पत्र दिया गया था।
T.N. MISHRA
SENIOR JOURNALIST



