वित्त मंत्री ने रेलवे के लिए खोला पिटारा, यूपी की बल्ले बल्ले।

वित्त मंत्री ने रेलवे के लिए खोला पिटारा, यूपी की बल्ले बल्ले।
लखनऊ।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 23 जुलाई को देश का आम बजट प्रस्तुत किया। इस आम बजट में उन्होंने भारतीय रेल के पूंजीगत व्यय के लिये 2,62,200 करोड़ रुपए की धनराशि का रिकॉर्ड आवंटन किया है। जिसको लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। बुधवार को रेलमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मीडिया के समक्ष बजट की विशेषताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश में रेल परियोजनाओं का बेहतर विकास हो सकेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पूंजीगत व्यय आवंटन के फलस्वरूप भारतीय रेल ने वित्त वर्ष 2023-24 में 1,588 मीट्रिक टन का अभूतपूर्व सर्वाधिक माल लदान हासिल किया है। जो वर्ष 2014-15 में 1,095 मीट्रिक टन था। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल वर्ष 2030 तक 3,000 मीट्रिक टन माल लदान के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
*बजट में रेल संरक्षा पर सर्वाधिक फोकस*
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस आम बजट में रेल संरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत रेल पथ नवीनीकरण, सिगनल व्यवस्था में सुधार, आर.ओ.बी./आर.यू.बी., इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार आदि के कार्य सम्मिलित हैं। इस बजट से रेलवे को एक बड़ा प्रोत्साहन मिला है। जैसा कि आप सभी जानते हैं रेलवे कम आय एवं मध्यम आय वर्ग के परिवहन का प्रमुख साधन है, इसे ध्यान में रखकर इस वर्तमान वित्त वर्ष में 2,500 सामान्य कोच बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके उपरांत 10,000 अतिरिक्त कोच बनाने पर भी स्वीकृति प्रदान की गई है।भारतीय रेल ने बुनियादी ढांचे के विकास हेतु नया दृष्टिकोण अपनाया है।
*पूर्वोत्तर रेलवे ने तेजी से पूरे किए प्रोजेक्ट्स*
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आदित्य कुमार बताया कि 01 फरवरी, 2024 को देश का अन्तरिम बजट प्रस्तुत किया गया था। इस अन्तरिम बजट में पूर्वोत्तर रेलवे पर नई लाइन निर्माण, दोहरीकरण, तीसरी लाइन एवं आमान परिवर्तन सहित निर्माण परियोजनाओं, रेल संरक्षा, रेल पथ नवीनीकरण, आर.ओ.बी./आर.यू.बी., पुलों के सुदृढ़ीकरण, यातायात सुविधाओं के विस्तार, सिगनल एवं दूर संचार कार्य, कर्मचारी कल्याण आदि के लिये धनराशि का आवंटन किया गया था।
*पूर्वोत्तर रेलवे ने किया शत प्रतिशत विद्युतीकरण*
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आदित्य कुमार बताया कि
सतत रूप में पर्याप्त बजट के आवंटन के फलस्वरूप, पूर्वोत्तर रेलवे पर गत वर्षों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है, मीटर गेज लाइनों को ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया गया है। वाराणसी मंडल एवं इज्जतनगर मंडल पूर्ण रूप से ब्रॉड गेज मंडल में परिवर्तित हो गये हैं, लखनऊ मंडल के बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोेड खंड के गेज कन्वर्जन का कार्य प्रगति पर है, नानपारा-मैलानी खंड को मीटर गेज में संरक्षित किया गया है।
*थर्ड लाइन निर्माण में भी तेजी*
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आदित्य कुमार बताया कि
तीसरी लाइन निर्माण एवं दोहरीकरण के कार्यों में तेजी आई है, जिसके फलस्वरूप लाइन क्षमता में बढ़ोत्तरी हुई है। गोंडा कचहरी-करनैलगंज (23.65 किमी.) तीसरी लाइन का निर्माण पूरा कर माह जुलाई, 2024 में ट्रेनों के आवागमन के लिये खोल दिया गया है।
*नई लाइनों के निर्माण के लिए पैसे की कमी नहीं*
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आदित्य कुमार बताया कि
नई लाइनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिये आवश्यकतानुसार बजट आवंटित किया जा रहा है। ऑटोमेटिक सिगनलिंग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इस रेलवे पर स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है। गोमती नगर स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आर.ओ.बी./आर.यू.बी. का निर्माण कार्य के साथ ही स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं यातायात सुविधाओं के विकास एवं विस्तार का कार्य चल रहा है। इस दौरान डीआरएम के साथ सीनियर डीसीएम आशुतोष गुप्ता और पीआरओ महेश गुप्ता भी मौजूद रहे।
T.N. MISHRA
SENIOR JOURNALIST



