रक्षाबंधन पर 16 लाख बहनों ने रोडवेज बसों में किया फ्री सफर।

रक्षाबंधन पर 16 लाख बहनों ने रोडवेज बसों में किया फ्री सफर।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पहले कार्यकाल से हर साल रक्षाबंधन के मौके पर बहनों को रोडवेज बसों में फ्री सफर का उपहार देते आ रहे हैं। यूपी की महिलाओं को उनका यह तोहफा काफी पसंद आ रहा है। ऐसे में रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए बसों से फ्री यात्रा का आनंद उठा रही हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल भी रक्षाबंधन पर बसों से सफर करने वाली बहनों की काफी भीड़ रही। इस साल परिवहन निगम की बसों से रक्षाबंधन पर 16,01,649 बहनों ने नि:शुल्क यात्रा की। इससे परिवहन निगम पर करीब 16 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने रक्षाबंधन पर बसों में मुफ्त यात्रा की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। वहीं उन्होंने बसों में फ्री सफर करने वाली महिलाओं को बधाई भी दी है। मंत्री ने बसों में महिलाओं को लाने और ले जाने वाले कर्मचारियों के साथ ही परिवहन निगम के अफसरों की पीठ थपथपाई है। रोडवेज की बसों में 18 अगस्त की मध्य रात्रि से 19 अगस्त की मध्य रात्रि तक महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने के आदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए थे।
*16.26 करोड़ रुपए का हुआ खर्च*
इस साल 16,01,649 बहनों नेअपने अपने भाई को राखी बांधने के लिए रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की। जिस पर रोडवेज ने 16,25,95,910 रुपए के समतुल्य टिकट जीरो मूल्य पर जारी किए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि पिछले साल रक्षाबंधन पर्व के दौरान कुल 2444970 बहनों ने निःशुल्क यात्रा का लाभ लिया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्णयानुसार वर्ष 2017 से परिवहन निगम की बसों में बहनों के लिए रक्षाबंधन पर्व पर निःशुल्क सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
*वर्ष 2017 में सीएम बनते ही योगी ने दी थी फ्री सफर की सुविधा*
वर्ष 2017 में सीएम बनते ही योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सरकार की तर्ज पर रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में फ्री सफर की सुविधा शुरू की थी।वर्ष 2017 में रोडवेज बसों में कुल 11.16 लाख महिलाओं ने सफर किया था। वर्ष 2018 में 11.69 लाख महिलाओं ने और वर्ष 2019 में 12.04 लाख महिलाओं ने फ्री सफर का लुत्फ उठाया था। करना काल के दौरान वर्ष 2020 में 7.36 लाख महिलाओं ने और वर्ष 2021 में 9.63 लाख महिलाओं ने फ्री सफर किया था। वर्ष 2022 में कुल 22.32 लाख महिलाओं ने निःशुल्क परिवहन सेवा का लाभ लिया था। जबकि पिछले साल 24.44 लाख महिलाओं ने फ्री सफर किया था।
सिटी बसों में 26 हजार से ज्यादा बहनों ने किया सफर।
रोडवेज बसों की तर्ज पर ही लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने भी रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा की सौगात दी। सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी आरके त्रिपाठी ने बताया कि रक्षाबंधन पर सिटी बसों से 26,886 बहनों ने मुफ्त यात्रा की। उन्होंने बताया कि दुबग्गा डिपो की बसों से 19,276 बहनों ने सफर किया। वहीं गोमती नगर डिपो की बसों से 7,610 बहनों ने सफर किया। बहनों की निशुल्क यात्रा के एवज में कुल 7,99,885 के टिकट बने।
T.N.MISHRA
SENIOR JOURNALIST



