लखनऊ

पासपोर्ट आवेदकों को शिकायत पेटिका की भी सुविधा।

पासपोर्ट आवेदकों को शिकायत पेटिका की भी सुविधा।

पासपोर्ट संबंधी किसी भी शिकायत को लेकर आवेदकों को विभाग के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है।अब वह अपनी शिकायत पेटिका के जरिए भी कर सकेंगे। पारदर्शिता और नागरिक केंद्रित शासन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने बुधवार से शिकायत/सुझाव पेटिका की शुरुआत की है। इससे नागरिकों के जुड़ाव और सहभागिता को बढ़ावा देने और सेवा में सुधार होने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि इससे आवेदकों को अपनी शिकायत करने में सहूलियत होगी। साथ ही विभाग की खामियों की जानकारी करने में भी मदद मिलेगी। विभाग को उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इसका उद्देश्य पासपोर्ट से संबंधित सेवाओं के बारे में अपने विचार, सुझाव तथा प्रतिक्रिया साझा करने के लिए नागरिकों को एक मंच प्रदान करना है।

*आरपीओ खुद करेंगे मॉनिटरिंग*

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि इस शिकायत/सुझाव पेटिका को क्षेत्रीय कार्यालय भवन के बाहर लगाया गया है। जिसका उद्देश्य सभी कार्य दिवसों पर इसकी सुविधा आसानी से लोगों को मिल सके। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि लोग इस पेटिका में बिना नाम वाली शिकायतें भी डाली जा सकेंगी। इस पेटिका को नागरिकों के इनपुट के माध्यम से पासपोर्ट संबंधी सेवाओं में सुधार करने हेतु लगाया गया है।

*आवेदन संबंधी जानकारी के लिए नहीं है पेटिका*

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि उसका उपयोग पासपोर्ट आवेदन संबंधी जानकारी के लिए नहीं करना है। प्राप्त शिकायतों / सुझावों की निगरानी मेरे द्वारा व्यक्तिगत रूप से की जाएगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ की इस पेटिका में आवेदक किसी भी कार्य दिवस में अपनी शिकायतें/ सुझाव डाल सकते हैं।

*सुशासन के प्रति पासपोर्ट कार्यालय की प्रतिबद्धता*

यह पहल सुशासन के प्रति पासपोर्ट कार्यालय की प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है। जो यह सुनिश्चित करता है कि नागरिकों को प्रभावी और सुलभ सेवाएं मिल सकें। बताया जा रहा है कि यह पारदर्शिता, जवाबदेही और निरंतर सुधार को बढ़ावा देने की दिशा में किया गया एक प्रयास है।

 

T.N. MISHRA

SENIOR JOURNALIST

Related Articles

Back to top button