लखनऊ

लखनऊ: गोमती नगर के भूखण्डों पर अवैध कब्जे उजागर, एलडीए ने जांच कमेटी बनाई।

लखनऊ: गोमती नगर के भूखण्डों पर अवैध कब्जे उजागर, एलडीए ने जांच कमेटी बनाई।

लखनऊ।राजधानी लखनऊ में गोमती नगर योजना के अंतर्गत एलडीए (लखनऊ विकास प्राधिकरण) के भूखण्डों पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को विभूति खण्ड, वास्तु खण्ड और विराज खण्ड में व्यावसायिक एवं ग्रुप हाउसिंग भूखण्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खाली प्लॉट्स पर झुग्गी-बस्तियों और व्यवसायिक गतिविधियों की मौजूदगी देखी गई।

विभूति खण्ड में सबसे बड़ा कब्जा

उपाध्यक्ष ने सबसे पहले विभूति खण्ड का निरीक्षण किया। यहां निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन के पास लगभग 3200 वर्गमीटर क्षेत्रफल का एक बड़ा व्यावसायिक भूखण्ड कब्जे की चपेट में मिला। इस जमीन पर न केवल झुग्गी-बस्ती बना ली गई थी, बल्कि कई लोगों ने कबाड़खाना, बैटरी चार्जिंग प्वाइंट, मोटर सर्विस सेंटर और केमिकल गोदाम जैसे व्यवसाय भी खड़े कर लिए थे।

अव्यवस्था पर उपाध्यक्ष की नाराज़गी

निरीक्षण के दौरान अवैध कब्जों को देखकर उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्पष्ट नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि प्राधिकरण की संपत्तियों की अनदेखी अस्वीकार्य है और इन्हें तत्काल कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई होनी चाहिए।

जांच कमेटी गठित, 15 दिन में रिपोर्ट

अवैध कब्जों की पुष्टि के बाद उपाध्यक्ष ने एक विशेष जांच कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर सौंपेगी। रिपोर्ट आने के बाद एलडीए कब्जा हटाने का अभियान चलाएगा और सभी भूखण्डों को साफ कराकर ई-ऑक्शन के माध्यम से बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगा।

आने वाले दिनों में अभियान तेज

एलडीए का मानना है कि गोमती नगर जैसे महत्वपूर्ण इलाके में इस तरह के कब्जे न केवल शहर की छवि को धूमिल करते हैं बल्कि विकास योजनाओं को भी प्रभावित करते हैं। इसलिए आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर न केवल कब्जे हटाए जाएंगे बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button