रेल अफसरों के तुगलकी फरमानों के खिलाफ एनआरएमयू ने भरी हुंकार।

रेल अफसरों के तुगलकी फरमानों के खिलाफ एनआरएमयू ने भरी हुंकार।
लखनऊ।उत्तर रेलवे प्रशासन के तुगलकी फरमानों के खिलाफ सोमवार को हजारों कर्मचारियों ने हुंकार भरी। वह लखनऊ मण्डल के रेल कर्मचारियों एवं आश्रितों से सम्बन्धित अनेक लम्बित मांगों का निराकरण न लिए जाने से खासे नाराज हैं। मण्डल रेल प्रशासन के विरूद्ध नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन के आह्वान पर मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय पर प्रचण्ड प्रदर्षन का आयोजन मण्डल मंत्री आरके पांडेय और मंडल अध्यक्ष विभूति मिश्र की अध्यक्षता में हुआ। विरोध प्रदर्शन के दौरान आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र ने रेलकर्मियों को भरोसा दिया कि जरूरत पड़ी तो वह रेलवे बोर्ड तक से उनके हक की लड़ाई लड़ेंगे।
उत्तर रेलवे के मंडल कार्यालय में हुए प्रदर्शन में लखनऊ मण्डल की लखनऊ स्थित शाखाओं के अतिरिक्त रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयाग, वाराणसी, सुल्तानपुर, जौनपुर व फैजाबाद शाखा के सैकड़ों रेल कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस प्रदर्षन में कई मृतक आश्रित, चिकित्सीय आधार पर विकोटिकृत कर्मचारी व महिलाओं ने विषेष रूप से हिस्सा लिया।
*प्रशासन को कुंभकर्णी नींद से जगाएंगे रेलकर्मी: आरके पांडेय*
विरोध प्रदर्शन के दौरान मण्डल मंत्री आरके पाण्डेय ने कहा कि बार बार चेतावनी के बावजूद अफसरों की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही है। लेकिन अब कर्मचारी उन्हें जगाएंगे। उन्होंने कहा की कर्मचारियों के साथ किसी तरह का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा की अनुकम्पा के आधार पर नियुक्तियों, चिकित्सीय आधार पर विकोटिकृत कर्मचारियों को उपयुक्त पदस्थापना, रेल कालोनियों की दुर्दशा, सेवानिवृत्त/मृतक आश्रितों के निपटान भुगतान समेत अनेक प्रमुख मांगों के समाधान के लिए 21 मई को एक खुले ज्ञापन के माध्यम से मण्डल रेल प्रबन्धक का ध्यानाकर्षण किया गया था। लेकिन मण्डल के तानाशाह अधिकारियों द्वारा मांगपत्र पर कोई हल न निकाले जाने के कारण 11 जुलाई को प्रचण्ड प्रदर्षन के निर्णय से रेल प्रशासन को अवगत कराना पड़ा । इसके बावजूद अभी भी अधिकांश समस्याओं के समाधान के प्रति अधिकारी उदासीन हैं।
*कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं : शिव गोपाल*
एआईआरएफ/एन.आर.एम.यू. के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि यूनियन द्वारा दिये गये ज्ञापन में अधिकांश बातें रेल कर्मचारियों के तनावमुक्त कार्यदशा, रेल उत्पादकता एवं संरक्षा व कर्मचारी कल्याण से जुड़ी हैं । किन्तु अधिकारी इनका समाधान न कर टकराव के रास्ते पर चल रहे हैं। उन्होंनें आह्वान किया कि जो रेल कर्मचारी 24X7 रेल सेवा में लगे हुए हैं उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति प्रशासन की उदासीनता कर्मचारियों के मध्य रोष उत्पन्न कर रही है एवं उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन को टकराव का रास्ता छोड़कर कर्मचारियों की समस्याओं का अविलम्ब निराकरण करना चाहिए। जिससे रेल संरक्षा एवं परिचालन जैसे संवेदनशील कार्यों में लगे रेल कर्मचारी निष्चिन्त होकर रेल सेवा करे सके।
*कर्मचारियों के साथ नहीं होने देंगे खिलवाड़ : एस यू शाह*
रेल कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए एआईआरएफ के जोनल सेक्रेट्री एस.यू.शाह ने कहा कि कर्मचारियों का भविष्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एन.आर.एम.यू. की सहायक महामंत्री प्रीति सिंह ने भी कर्मचारियों की लम्बे समय से चली आ रही समस्याओं के प्रति रोष व्यक्त किया। उन्होंने हजारों की संख्या में आए रेल कर्मचारियों से एकजुटता का आहवान किया। इस मौके पर लखनऊ मंडल एनआरएमयू के समस्त मण्डलीय पदाधिकारी, शाखा पदाधिकारियों ने भी मण्डल रेल प्रशासन की हठधर्मिता के खिलाफ आवाज बुलन्द की।
धरना प्रदर्शन का समापन मण्डल अध्यक्ष विभूति मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि यदि मण्डल रेल प्रशासन टकराव का रास्ता नहीं छोड़ता है और कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रूख नहीं अपनाता है तो यूनियन इससे भी बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगी। कर्मचारियों का शंखनाद मंडल अधिकारियों को नींद से जगाने का कार्य करेगा।
T.N. MISHRA
SENIOR JOURNALIST



