उत्तर रेलवे ने उत्साह,उल्लास और उमंग के साथ मनाया आज़ादी का राष्ट्रीय महापर्व।

उत्तर रेलवे ने उत्साह,उल्लास और उमंग के साथ मनाया आज़ादी का राष्ट्रीय महापर्व।
उत्तर रेलवे के डीआरएम एसएम शर्मा ने गुरुवार को रेलवे स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अखंड एवं सशक्त भारत का प्रतीक और देशप्रेम और राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत करने वाला उत्सव है। उन्होंने पूरे मंडल में उल्लास,जोश और धूमधाम के साथ विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को आयोजित करने के लिए रेल कर्मियों को बधाई दी।
चारबाग स्टेडियम गुरुवार को तिरंगे की आभा से आलोकित और देशप्रेम के नारों के सम्मिलित स्वरों से गुंजायमान रहा। मंडल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा ने विशिष्ट अतिथि एवं उत्तर रेलवे की महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा मोहिता गंगवार शर्मा सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, मंडल रेल प्रबंधक के ध्वजारोहण एवं सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद आर.पी.एफ. की परेड द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। उन्होंने बटालियन की परेड का खुली जीप से निरीक्षण किया।
गुब्बारे उड़ा कर दिया स्वतंत्रता का परिचय।
मंडल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा ने अध्यक्षा, महिला कल्याण संगठन के साथ तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा । कार्यक्रम के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंडल की उपलब्धियों एवम कीर्तिमानों से सभी अवगत कराते हुए मंडल के प्रत्येक रेलकर्मी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने समस्त रेलकर्मियों का आवाहन करते हुए सभी से पूर्ण समर्पण एवम संकल्प के साथ अपनी रेल सेवा करने की बात कही। इसके उपरांत मंडल के सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों एवं स्काउट गाइड संस्था के सदस्यों ने देशप्रेम पर आधारित गीत प्रस्तुत किए।
एक दिन पूर्व विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया।
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में गत दिवस लखनऊ स्टेशन पर विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस के तहत आयोजित होने वाली पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अमित पाण्डेय ने स्टेशन डायरेक्टर प्रशांत कुमार की टीम और अन्य सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस समारोह में मंडल के समस्त अधिकारी एवम उनके पारिवारिक सदस्य, रेलवे की यूनियनों एवम मान्यताप्राप्त एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल की बटालियन, सेंट जॉन्स एंबुलेंस के प्रतिनिधि, स्काउट एवं गाइड, मंडलीय खिलाड़ियों एवं बड़ी संख्या में सभी विभागों के रेलकर्मी उपस्थित रहे।
T.N. MISHRA
SENIOR JOURNALIST



