लखनऊ

कूड़ा उठान, अतिक्रमण व अवैध डेरियों को लेकर सख्त हुई महापौर।

कूड़ा उठान, अतिक्रमण व अवैध डेरियों को लेकर सख्त हुई महापौर।

नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार समिति हॉल मे हुई बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल ने कूड़ा उठान, अतिक्रमण व अवैध डेरियों को लेकर सख्त नाराजगी जाहिर की। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने नगर निगम के सभी अधिकारियों एवं जोनों के जिम्मेदार अफसरों को अवैध अतिक्रमण व अन्य कार्यों के त्वरित निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।दूसरी तरफ बैठक में संबंधित अधिकारियों से अतिक्रमण अभियान की स्थिति की जानकारी भी ली गई। बैठक में महापौर ने जोनवार समीक्षा कर लापरवाह अफसरों को फटकार लगाई।

समीक्षा बैठक में ज़ोन 01 के।तहत अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को सही ढंग से करने के लिए निर्देशित किया गया।साथ ही महापौर ने ज़ोन के प्रभारी के साथ ही अपर नगर आयुक्त को भी अपने समक्ष अवैध अतिक्रमण की कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। ज़ोन के संबंधित अधिकारी ने बताया कि अभियान निरन्तर चलाया जा रहा है। पर्याप्त पुलिस बल मिलते ही वृहद रूप से अभियान चलाया जाएगा। वहीं ज़ोन 02 के संबंधित अधिकारी ने अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर अभियान चलाए जाने की बात कही। इसके अतिरिक्त प्रभावी क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाए जाने की बात भी की गई। साथ ही चिन्हित अतिक्रमण को त्वरित रूप से हटाने के निर्देश जारी किए गए।

*आईजीआरएस या डाक से मिली अतिक्रमण संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण*

ज़ोन 03 के सम्बन्धित अफसरों ने महापौर को बताया कि आईजीआरएस या डाक के माध्यम से प्राप्त अतिक्रमण संबंधी शिकायतों को त्वरित रूप से निस्तारित कराया जा रहा है।अतिक्रमण अभियान का प्रभारी कर अधीक्षक बनारसी दास को बनाया गया। जबकि ज़ोन 04 के अंतर्गत अनाधिकृत रूप से नॉन वेंडिंग ज़ोन में दुकान लगाने वालों पर एक्शन नहीं हो पा रहा है। ऐसे लोग जो अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे है उन्हें शिफ्ट किये जाने की कार्यवाही की जा रही है।साथ ही बनाये गए वेंडिंग ज़ोन या भविष्य के लिए बन रहे वेंडिंग जोनों में रेहडी पटरी वालों को शिफ्ट किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

*रोस्टर के हिसाब से कार्यवाही करने पर दिया जोर*

ज़ोन 05 अंतर्गत अभियान को रोस्टर के अनुसार चलाये जाने की बात कही गयी।साथ ही चारबाग में विशेष रूप से अभियान को संचालित करने के लिए आदेशित किया गया। साथ ही ज़ोन 06 के अंतर्गत विगत 30 दिनों में 16 वृहद अभियान चलाए जाने की जानकारी दी गई। बुद्धेश्वर चौराहे को पूर्ण रूप से खाली कर दिए जाने की जानकारी सम्बन्धित अफसरों ने दी। इसके साथ ही अन्य प्रभावी क्षेत्रों में अतिक्रमण को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए।

*भूतनाथ मार्केट को व्यवस्थित कर हालत सुधारने का दावा*

ज़ोन 07 के जिम्मेदार अधिकारियों ने मेयर को जानकारी दी कि भूतनाथ मार्केट जो कि ज्यादा अव्यवस्थित थी उसे व्यवस्थित किया गया है।साथ ही पार्षदों की सहायता लेते हुए नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं।

*जोन आठ में वेंडिंग जोनों को व्यवस्थित कर 1,69,000 रुपए शुल्क वसूला*

ज़ोन 08 अंतर्गत 22 अव्यवस्थित वेंडिंग जोनों को व्यवस्थित कर लगभग 169000 शुल्क वसूल किये जाने की जानकारी जिम्मेदारों ने दी। साथ ही खजाना मार्केट में अतिक्रमण की शिकायतों का निस्तारण कराते हुए अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है और शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

*महापौर ने 20 दिनों में वेंडिंग जोन निर्धारित करने के निर्देश दिए*

महापौर ने प्रस्तावित समस्त वेंडिंग जोनों को 15 से 20 दिनों के भीतर बनाकर तैयार करने के निर्देश जारी किए। अन्यथा की स्थिति में जवाबदेही जोनल अधिकरी की होगी। साथ ही अभियान व शिकायतों के निस्तारण हेतु समस्त संबंधित विभागों के अधिकरियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर कार्य किये जाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने आगामी 15 दिवसों के भीतर मुख्य मार्गों के अलावा गलियों में साफ सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने व कार्य अधूरा पाए जाने की दशा में सीधे जोनल अधिकारी के ऊपर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सभी अपर नगर आयुक्त व जोनल अधिकारियों के साथ ही जेडएसओ व एसएफआई को भी निरन्तर फील्ड पर बने रहने के निर्देश दिए गए।

*नगर सास्थ्य अधिकारी को भी संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए दिए निर्देश*

संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए नगर सास्थ्य अधिकारी को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।जिसके तहत नियमित फॉगिंग व साफ सफाई हेतु संयुक्त रूप से कार्य कराए जाने और लोगों को जागरूक करने इत्यादि कार्यों को विशेष रूप से संपादित किये जाने हेतु आदेशित किया गया।डेरियों यानी कि गाय भैसों को शहर के बाहर करने की ठोस योजना तैयार किये जाने के निर्देश दिए गए। नियमों की अवहेलना करने वाले संचालकों पर कार्यवही किये जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक सप्ताह के अंदर पुराने व लंबे समय से ज़ोन में तैनात अभियंताओं का ज़ोन बदले जाने के निर्देश दिए गए।

 

T.N. MISHRA

SENIOR JOURNALIST

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button