मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ एक लाख का इनामी कुख्यात बदमाश वैभव सिंह,आइए जानें कुख्यात बदमाश की क्राइम कुंडली।

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ एक लाख का इनामी कुख्यात बदमाश वैभव सिंह,आइए जानें कुख्यात बदमाश की क्राइम कुंडली।
लखनऊ।उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ)ने राजधानी लखनऊ में बड़ी सफलता हासिल की है।एसटीएफ ने 1 लाख रुपये का इनामी कुख्यात बदमाश वैभव सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।एसटीएफ ने कुख्यात बदमाश वैभव सिंह को बुधवार शाम 5:48 बजे पीजीआई थाना क्षेत्र के डलौना क्रॉसिंग अंडरपास के नीचे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि एक लाख इनामी कुख्यात बदमाश वैभव सिंह बीते माह 28 मार्च को विकासनगर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से हुई लूट का मुख्य आरोपी था।लूट के बाद एक लाख रुपये का इनामी हो चुके वैभव सिंह को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने वैभव को PGI ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
वैभव के पास से हथियार और कैश बरामद हुआ।
एसटीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक हरदोई जिले के बघौली थाना क्षेत्र के रहने वाले वैभव सिंह उर्फ चंदन उर्फ विराज के पास से एक अवैध .30 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखे, एक पल्सर मोटरसाइकिल (लूट में प्रयुक्त), दो नंबर प्लेट, एक बैग और 1,570 रुपये कैश बरामद हुए। पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम लंबे समय से वैभव सिंह की तलाश में थी। सूचना मिली थी कि वैभव सिंह पीजीआई क्षेत्र में किसी से मिलने आने वाला है,जिसके बाद एसटीएफ ने योजना बनाकर उसे धर दबोचा।
चचेरे भाई और साथियों के साथ मिलकर की थी लूट।
विकास नगर की लूट में वैभव सिंह का गैंग शामिल था, जिसके अन्य सदस्यों प्रेम बहादुर सिंह, सोनेंद्र सिंह, गौरव मिश्रा और सुषील मिश्रा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रेम बहादुर कारोबारी पंकज अग्रवाल का ड्राइवर था और उसने अपने चचेरे भाई सोनेंद्र और वैभव के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। वैभव ने अपने साथियों के साथ रेकी कर इस घटना को अंजाम दिया था। पकड़े जाने के बाद वैभव के खिलाफ थाना पीजीआई में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
वैभव सिंह की क्राइम कुंडली।
वैभव सिंह ने वर्ष 2014 में हरदोई में प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद बनकर कई कोटेदारों से वसूली की थी, जिस सम्बन्ध में वैभव सिंह खिलाफ बघौली थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
2016 में सेक्स रैकेट चलाने के अपराध में सीतापुर के थाना कोतवाली नगर में वैभव सिंह के खिलाफ मुकदमा हुआ था।
वैभव सिंह ने 2020 में लखनऊ में पारा थाना में अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।
वैभव सिंह ने 2021 में लूट की थी।हरदोई के शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था।
वैभव सिंह ने 2024 में एक मकान में चोरी की थी। लखनऊ के जानकीपुरम थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था,जिसमें वैभव वांछित चल रहा था,न्यायालय द्वारा एनबीडब्लू भी जारी है।
ताजा मामला 28-03-2025 का है जब वैभव सिंह ने विकासनगर थाना में अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की थी,जिसमें वैभव के खिलाफ विकासनगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। वैभव की गिरफ्तारी के लिए 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था।



