‘ये संगठन की शक्ति, जय सिया राम’ — कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने की PM मोदी और RSS की खुलकर तारीफ।

‘ये संगठन की शक्ति, जय सिया राम’ — कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने की PM मोदी और RSS की खुलकर तारीफ।
नई दिल्ली।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। दिग्विजय सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तस्वीरें साझा करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन की सराहना की।
दिग्विजय सिंह ने पोस्ट में लिखा, “ये संगठन की शक्ति है। जय सिया राम।” उनके इस बयान को भाजपा और आरएसएस के मजबूत संगठनात्मक ढांचे की अप्रत्यक्ष प्रशंसा के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि दिग्विजय सिंह लंबे समय से संघ और भाजपा के मुखर आलोचक रहे हैं, ऐसे में उनके इस बयान ने सभी को चौंका दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिग्विजय सिंह का यह बयान मौजूदा राजनीतिक माहौल में एक असामान्य कदम है। कांग्रेस के भीतर भी इस पोस्ट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं भाजपा खेमे में इसे संगठन की मजबूती का प्रमाण बताया जा रहा है।
हालांकि, दिग्विजय सिंह की ओर से इस पोस्ट को लेकर कोई अतिरिक्त स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। लेकिन उनके इस बयान ने यह साफ कर दिया है कि भारतीय राजनीति में बयानबाज़ी और संकेतों का खेल लगातार नया मोड़ ले रहा है।


