क्राइम

पंजाब में धमाका: गुरदासपुर के वडाला बांगर पुलिस चौकी के बाहर ब्लास्ट, 28 दिन में आठवां धमाका।

पंजाब में धमाका: गुरदासपुर के वडाला बांगर पुलिस चौकी के बाहर ब्लास्ट, 28 दिन में आठवां धमाका।

 

पिछले सात दिनों में धमाके की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 17 दिसंबर को अमृतसर के इस्लामाबाद थाने में धमाका हुआ था। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ था। पंजाब में 28 दिन में आठ धमाके हो चुके हैं।
पुलिस जिला गुरदासपुर के थाना कलानौर में बीते 48 घंटों में दूसरी बड़ी वारदात सामने आई है। चौकी बख्शीवाल पर हुए हमले के बाद शुक्रवार देर शाम को बंद पुलिस चौकी वडाला बांगर में धमाका हुआ। धमाके से आसपास के घरों के लोग सहम गए।
धमाका इतना जबरदस्त था कि चौकी में लगे दरवाजे के शीशे टूट गए। बताया जा रहा है कि इस चौकी को पुलिस कर्मचारियों की कमी के चलते बंद कर दिया गया था। वहीं सूत्रों के अनुसार वडाला बांगर में हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थक संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने ली है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
रात को हुए धमाके के बाद फिलहाल पुलिस चौकी में फोरेंसिक जांच चल रही है। पुलिस ने चौकी बख्शीवाल में हुए हमले के मामले में अज्ञात लोगों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 324(4) व विस्फोटक अधिनियम 4,5 के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार वडाला बांगर की चौकी में रात को धमाके से लोग दहल गए। लोग डर के घरों से बाहर निकले तो पता चला कि पुलिस थाने से आवाज आई है। इसके बाद यहां रात भर पुलिस की गाड़ियों के सायरन बजते रहे।
गुरदासपुर में दूसरी बार पुलिस चौकी में धमाका हुआ है। बढ़ती वारदातों से राज्य की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते दिखे।

 

 

SANJAY DWIVEDI

SENIOR JOURNALIST

 

 

 

Related Articles

Back to top button