भारत-अमेरिका रिश्तों पर नरम पड़े ट्रंप, बोले- मोदी मेरे ‘अच्छे दोस्त’।

भारत-अमेरिका रिश्तों पर नरम पड़े ट्रंप, बोले- मोदी मेरे ‘अच्छे दोस्त’।
अमेरिका और भारत के बीच टैरिफ विवाद को लेकर जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने रुख में बदलाव करते हुए भारत के साथ संबंधों को “बेहद खास” बताया। व्हाइट हाउस में दिए बयान में ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “महान नेता” और “अच्छे दोस्त” बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्तों को लेकर किसी भी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है।
ट्रंप ने माना कि भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने को लेकर उन्हें नाराजगी जरूर है, लेकिन इसे देशों के बीच होने वाली सामान्य बातें बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत-अमेरिका रिश्ते मजबूत बने रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस बयान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे संबंधों के सकारात्मक मूल्यांकन की हम तहेदिल से सराहना करते हैं और उनका पूर्ण समर्थन करते हैं।”
विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों नेताओं के इस सकारात्मक रुख से चल रहे विवादों के समाधान की राह आसान हो सकती है और दोनों देशों के बीच आर्थिक व सामरिक साझेदारी और गहरी हो सकती है।



